🌳 क्या आप जानते हैं?
पूजा में चढ़ाए जाने वाले बेलपत्र इसी बेल के पेड़ की पत्तियाँ हैं। संस्कृत में इसे "बिल्व" कहते हैं। आयुर्वेद में बेल को अत्यंत गुणकारी फल माना गया है — इसके फल, पत्ते, जड़ और छाल, सभी उपयोगी हैं।
बेल के पेड़ हिमालय की तराई, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और दक्षिण भारत में बहुत मिलते हैं। कच्चा फल चूर्ण के लिए, अधपका मुरब्बे के लिए, और पका फल शर्बत के लिए काम आता है।
💪 बेल के फायदे
- पाचन तंत्र को मज़बूत करता है — पेट के रोगों में बहुत उपयोगी।
- गर्मी और लू से बचाता है, शरीर को ठंडक देता है।
- दिल के लिए भी अच्छा माना जाता है।
🏠 बेल के घरेलू उपयोग
🍽️ अपच (अजीर्ण)
बेल की पत्तियों के 10 ग्राम रस में एक-एक ग्राम काली मिर्च और सेंधा नमक मिलाकर पीने से आराम मिल सकता है।
🚽 पतले दस्त
कच्चे बेल को सुखाकर बारीक पीस लें — यही बिल्व चूर्ण है। पतले दस्तों में 5–10 ग्राम बिल्व चूर्ण पानी के साथ लेने से आराम मिलता है।
👄 मुँह के छाले
100 ग्राम पानी में थोड़ा बेल का गूदा उबालें, ठंडा होने पर उससे कुल्ले करें।
🥤 ठंडा मतलब कोल्ड ड्रिंक नहीं
गर्मी में जो राहत प्राकृतिक पेयों से मिलती है, उसका बोतल के नकली मीठे पानी से कोई मुक़ाबला नहीं। आम पना, तरबूज का शर्बत, लस्सी, या बेल का शर्बत आज़माइए और असली ठंडक महसूस कीजिए।
सुबह घर से निकलने से पहले एक गिलास बेल का शर्बत पी लें, तो दिनभर गर्मी और लू से बचाव रहता है।
🧺 बेल का शर्बत — सामग्री
- पका बेल — 2 फल (लगभग 1 किलो)
- गुड़ — 50 ग्राम, या स्वाद अनुसार
- भुना जीरा — 1 छोटी चम्मच (वैकल्पिक)
- काला नमक — 1 चम्मच (वैकल्पिक)
- घड़े (मटके) का पानी
अपनी दिनचर्या के लिए व्यक्तिगत मार्गदर्शन चाहते हैं?
ऑनलाइन और व्यक्तिगत परामर्श उपलब्ध है।
🥣 बनाने की विधि
- बेल को धोकर फोड़ें और गूदा निकाल लें।
- एक बर्तन में गूदे से दोगुना पानी लें, उसमें गुड़ घोलकर छान लें।
- गुड़ के घोल में बेल का गूदा डालकर इतना मसलें कि गूदा और पानी एक हो जाएँ।
- मोटी छलनी से छानें और चम्मच से दबा-दबाकर सारा रस निकाल लें।
- रस में पिसा भुना जीरा और काला नमक मिलाएँ।
1 किलो बेल से लगभग 4–5 गिलास शर्बत बनता है।
✅ सावधानी
- शर्बत में घड़े का पानी लें — फ्रिज का पानी, बर्फ़, चीनी या फ्रिज में रखे फल न डालें।
- शर्बत ताज़ा बनाकर पिएँ, ज़्यादा देर रखा हुआ शर्बत न पिएँ।
- शुरू में किसी-किसी को पेट हल्का ढीला हो सकता है — यह अक्सर पेट साफ़ होने का संकेत है और कुछ दिनों में ठीक हो जाता है।
- शुगर के मरीज़ गुड़ कम या बिना गुड़ के लें, मात्रा परामर्श लेकर तय करें।
⚠️ ज़रूरी बात
- दस्त ज़्यादा हों, ख़ून आए, बुख़ार हो, या 1–2 दिन में न रुकें — ORS लें और डॉक्टर को दिखाएँ। बच्चों और बुज़ुर्गों में पानी की कमी जल्दी ख़तरनाक हो जाती है।
- छोटे बच्चे या शिशु को बिल्व चूर्ण देने से पहले परामर्श लें।
- आँख दुखने या लाल होने पर आँख पर पत्ते न बाँधें — इससे संक्रमण बढ़ सकता है, आँखों के डॉक्टर को दिखाएँ।
- पीलिया (आँखें या पेशाब पीला) हो तो जाँच ज़रूर कराएँ — घरेलू उपाय के भरोसे न रहें।
— विक्रम सिंह राजपूत (प्राकृतिक जीवनशैली सलाहकार) · अधिक जानकारी के लिए: 09893687269
In short (English)
Bael (bilva), whose leaves are offered in worship, is a highly valued Ayurvedic fruit that strengthens digestion and cools the body in summer. Bael sherbet: mash the pulp of 2 ripe bael fruits in twice the water with 50 g jaggery, strain, and add roasted cumin and black salt — use clay-pot water, never ice, fridge water or sugar, and drink it fresh. Dried raw bael powder helps loose motions and a pulp decoction soothes mouth ulcers. For heavy or bloody diarrhoea, fever, eye infections or jaundice, see a doctor.
❓ अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
बेल का शर्बत पीने के फायदे क्या हैं?
यह गर्मी और लू से बचाता है, शरीर को ठंडक देता है और पाचन को मज़बूत करता है।
बेल का शर्बत कैसे बनाएँ?
2 पके बेल का गूदा, उससे दोगुने पानी में 50 ग्राम गुड़ घोलकर मसलें, छानें, और भुना जीरा व काला नमक मिलाएँ।
बेल का शर्बत कब पीना चाहिए?
सुबह या दिन में, ख़ासकर गर्मी में बाहर निकलने से पहले। हमेशा ताज़ा बनाकर पिएँ।
क्या शुगर के मरीज़ बेल का शर्बत पी सकते हैं?
गुड़ कम या बिना गुड़ के, सीमित मात्रा में। मात्रा परामर्श लेकर तय करें।